संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। जिले में आग का कहर बुधवार को भी जारी रहा। विभिन्न थाना क्षेत्रों में आग लगने से 100 से अधिक घर जल गए।नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सौरहा खुर्द गांव के पिपरपाती टोला में आग लगने से 45 झोपड़ियां जलकर नष्ट हो गईं। इसके अलावा रामकोला थाना क्षेत्र के नादह गांव में आग लगने से 21 घर जल गए। जोकवा बाजार में गैस सिलिंडर फटने से छह घर जल गए।
रामकोला थाना क्षेत्र के चंदरपुर बौलिया में भी आग से तीन घर जल गए। पडरौना तहसील क्षेत्र के पिपरपाती गांव के भीमल छपरा टोला में बुधवार की दोपहर मुंंद्रिका चौहान की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते गिरजेश, राजकुमार, सुकदेव, मुखलाल, लालपहाड़ी, खेदन, विनोद, राधेश्याम, रज्जाक, भृगुराशन, शंकर, मोतीलाल, फूलबदन, रामकेवल, इसराइल, अलाउद्दीन, अभिनाष, ओमप्रकाश, रामवृक्ष, केश्वर, जोगिंदर सहित 45 लोगों की रिहायशी झोपड़ियों को आग ने चपेट में ले लिया। आग के विकराल रूप लेते ही गांव में अफर तफरी मच गई।
करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया। खड्डा तहसील क्षेत्र के खैरी गांव के निर्मलपट्टी टोला में सहदेव व रजिंदर की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस आग में अवधेश, शारदा, परीखन, तुफानी, द्वारिका, जगमोहन, गोरख, गोमल, शिवनाथ, कमलेश, सहदेव सहित 35 लोगों की झोपड़ियां जलकर नष्ट हो गईं। इसमें दो भैंस, चार बकरियों की जलने से मौत हो गई। अवधेश की एक बीघा गेहूं की फसल जल गई।
कसया संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के नादह गांव के पकड़ी टोला में बुधवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में 21 रिहायशी घर जल गए। 14 बकरियां और दो गायें भी जल गईं। इस गांव के महमूद पुत्र किताब की एक गाय, एक बछड़ा, तीन बकरी और गृहस्थी का सामान जल गया। शाकिर की तीन बकरियां, कपड़े, बर्तन, अनाज जल गया। बिस्मिल्लाह की तीन बकरियां, गहने, कपड़े, बर्तन और सात हजार रुपये नकद, मुस्तफा के दो लाख रुपये नकद, तीन बकरियां, गहने जल गए। इस गांव के रहमान के घर के गहने, बर्तन, कपड़े, अनाज, नूरहसन की दो साइकिल जल गई।
अख्तर की दो बकरियां और गृहस्थी का सामान, वजीर के 40 हजार रुपये नकद, गहने, मंसूर का गृहस्थी का सामान, मुस्तकीम के 10 हजार रुपये नकद, दो बकरियां व गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। सदाकत की गृहस्थी का सामान, सहाबुद्दीन का गृहस्थी का सामान, नजीबुन का 20 हजार रुपये नकद व गृहस्थी का सामान, छोटे का 15 रुपये नकद और गृहस्थी का सामान, यासीन का गहना, कपड़ा और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। बिकाऊ के 12 हजार रुपये नकद, बर्तन व कपड़े जल गए। इसी तरह हुसैन, नत्थू, नाजिर के घरों का सामान जलकर नष्ट हो गया।