कसया। कस्बे के पर्यटन स्थलों से लेकर मोहल्लों में लोगों पर बंदर हमला कर रहे हैं। एक माह में 70 से अधिक लोगों को बंदर जख्मी कर चुके हैं। गोपालगढ़ में दो दिन पूर्व पांच लोगों का चेहरा जख्मी कर दिया था। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में एक किशोरी का इलाज हुआ।
नगर पालिका कार्यालय में लगातार इसकी शिकायत पहुंच रही थी। नगर पालिका प्रशासन की ओर से गोरखपुर से बंदरों को पकड़ने के लिए शिकारियों की टीम बुलाई गई है। दो दिन से शिकारी नगर पालिका क्षेत्र में डेरा डाले हैं, फिलहाल अभी बंदर पकड़े नहीं जा सके हैं और लोगों में दहशत बरकरार है। नगरपालिका परिषद कुशीनगर बुद्ध मंदिर के आसपास, कसया कस्बे और मोहल्लों में बंदर घूम रहे हैं। छतों पर या घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर दे रहे हैं। करीब दो माह से बंदरों के हमले से लोग परेशान हैं। नगर पालिका प्रशासन से कई बार इसकी शिकायत कर चुके थे।
सपहा रोड, गांधी चौक, गोपालगढ़ में 70 से अधिक लोगों पर बंदर हमला किए हैं, इनको रैबिज का इंजेक्शन कसया सीएचसी और मेडिकल कॉलेज में लगाया गया। नगर पालिका प्रशासन की ओर से गोरखपुर से शिकारियों की टीम तो बुलाई गई है, लेकिन अभी एक भी बंदर पकड़ में नहीं आए हैं, मंगलवार को गोरखपुर से आई टीम ने नगरपालिका कुशीनगर के वार्ड नंबर 15 वीर सावरकर नगर (सबया) में जाकर टीम ने सर्वे किया, दूसरे दिन टीम गोपालगढ़ में भी पहुंची थी।