पुलिस ने बनाया दबाव तो घर ले जाकर किया जान लेने का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। शादी का झांसा देकर घर से प्रेमिका को छह माह पूर्व लेकर गया प्रेमी दगाबाज निकला। पुलिस के दबाव में प्रेमी घर ले गया। तीन दिन रखने के बाद नशीला पदार्थ खिलाकर नहर के किनारे मरा समझकर फेंक दिया। बेहोश पड़ी प्रेमिका को लावारिस हालत में पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश कर रही है।
सेवरही थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती कसया थाना क्षेत्र के गुरमिया गांव निवासी हरिकेश चौहान के संपर्क में करीब एक साल पूर्व आई। दोनों के बीच मोबाइल पर बातें शुरू हुईं। युवक शादी का झांसा देकर युवती को लेकर पुणे चला गया। छह माह तक अपने साथ रखा। जून में लाकर तमकुहीराज बस स्टैंड पर छोड़ दिया और शादी करने से मना कर दिया।
प्रेमिका अपने घर पहुंची और घरवालों को प्रेमी की करतूत बताई। घर वाले युवती को लेकर महिला थाने पहुंचे। पुलिस ने युवक को बुलाया। महिला थाने में पंचायत के बाद युवक युवती को रखने को राजी हो गया और घर ले गया। आरोप है कि तीन दिन रखने के बाद 20 जुलाई को युवक ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर गांव के समीप नहर के किनारे फेंक दिया।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लावारिस हालत में बेहोश पड़ी युवती को जिला अस्पताल पहंचाया। 24 घंटे बाद होश में आई युवती ने आपबीती पुलिस को बताई। सेवरही पुलिस ने हरिकेश चौहान पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस युवती का मेडिकल बुधवार को कराया। आरोपी पुलिस की पहुंच से अभी दूर है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि युवक पर दुष्कर्म समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।