मोहल्ला पाठशाला ठप
पडरौना (कुशीनगर )। परिषदीय विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राओं को पढ़ाई कराने के लिए शासन की तरफ से मुहल्ला पाठशाला शुरू करने का निर्देश दिया है। लेकिन शिक्षक अभी विभागीय कार्यों को निपटाने में लगे हैं। इसके चलते मोहल्ला पाठशाला शुरू नहीं किया जा सका है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के चलते बंद स्कूल बीते एक जुलाई से खुल गए हैं। लेकिन विद्यालय में अभी केवल शिक्षकों को ही बुलाया जा रहा है। इन शिक्षकों को विभागीय कार्य निपटाने के अलावा ऑनलाइन पढ़ाई और मोहल्ला पाठशाला संचालित कर छात्र-छात्राओं को पढ़ाने का निर्देश दिया गया है। लेकिन शिक्षक कायाकल्प, प्रेरणा एप, एमडीएम समेत अन्य कई विभागीय कार्य निपटाने में लगे हैं। इसलिए पढ़ाई का काम बिल्कुल नहीं हो रहा है।
विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने बताया कि एक जुलाई से स्कूल खुलने के बाद शिक्षक अभी एमडीएम का कन्वर्जन कास्ट बच्चों के खाते में भेजने और राशन वितरण के अलावा शासन के निर्देश के अनुपालन में अन्य विभागीय कार्य निपटाने में जुटे हैं। इसके चलते मोहल्ला पाठशाला के लिए समय निकलना मुश्किल हो रहा है।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष अविनाश शुक्ल का कहना है कि करीब दो माह तक स्कूल बंद होने के चलते तमाम विभागीय कार्य लंबित पड़े हैं। जिसको निपटाने के लिए शिक्षकों पर दबाव है। इसके चलते अभी मोहल्ला पाठशाला का संचालन नहीं हो पा रहा है। हालांकि ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि शिक्षा महानिदेशक के पत्र में सभी बच्चों का प्रेरणा पोर्टल पर आधार, नामांकन समेत 18 बिंदुओं पर जानकारी अपलोड करने का निर्देश है। इसके लिए शिक्षक को विभाग की तरफ से कोई संसाधन उपलब्ध नहीं कराया गया है। शिक्षक अभी संसाधन जुटाकर विभागीय कार्य निपटाने में लगे हैं। जब खाली होंगे तो मोहल्ला पाठशाला का संचालन भी सुचारु हो जाएगा।
बीएसए विमलेश कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण की वजह से स्कूल बंद होने से छात्र-छात्राओं का पाठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। बच्चों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से शासन ने मोहल्ला पाठशाला चलाने का निर्देश दिया है। विभागीय कार्य निपटाने के साथ समय निकलकर शिक्षकों को मोहल्ला पाठशाला का भी संचालन करना चाहिए। इसके लिए पूर्व में भी सभी संबंधित को निर्देश दिया गया है।