मोबाइल छीनकर भाग रहे उचक्कों को लोगों ने पकड़ा
खड्डा। हनुमानगंज गांव के टोला पड़रहवा में सड़क के किनारे मोबाइल पर बात कर रहे युवक से बाइक सवार उचक्कों ने मोबाइल छीन लिया और भागने लगे। बाइक सवार तीन उचक्कों को ग्रामीणों ने रोक लिया। मौका देखकर एक उचक्का भाग निकला, लेकिन दो पकड़े गए। ग्रामीणों ने उन्हें हनुमानगंज पुलिस को सौंप दिया।
पड़रहवा निवासी सोनू कुशवाहा गांव की सड़क पर मोबाइल से बात कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक बगल से गुजरे और मोबाइल झपटकर भागने लगे। सोनू शोर मचाते हुए युवकों को दौड़ाने लगे। तब तक कुछ और लोग भी पहुंच गए। बाइक सवार असंतुलित होकर गिर पड़े। सोनू के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक मौका देखकर भाग निकला।
हनुमानगंज एसओ राम आशीष यादव ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।