नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के मड़ार विंदवलिया गांव के लोगों ने बृहस्पतिवार को एडीएम को ज्ञापन सौंपकर मनरेगा की मजदूरी के भुगतान में जालसाजी का आरोप लगाया है। इन लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई से बचने के लिए जिम्मेदारों ने उनसे सादे कागज पर अंगूठा निशान लगवा लिया है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे इस गांव के लोगों का कहना था कि उन लोगों ने मनरेगा योजना के तहत गांव में मजदूरी किया था, लेकिन भुगतान अब तक नहीं मिला। बाद में पता लगा कि बैंक से बिना उनकी जानकारी के ही इसका भुगतान भी करा लिया गया है। राधिका, मालती, रमावती, कैलाशी, रमावती आदि महिलाओं का कहना था कि जब इसका विरोध किया गया तो पहले तो भुगतान में देरी की बात कही गई, लेकिन जैसे ही गांव में डीएम के आने की सूचना मिली तो उनसे सादे कागज पर अंगूठा निशान लगवा लिया गया। इन लोगों ने मामले की जांच कराकर मनरेगा योजना संचालन की जिम्मेदारी निभा रहे लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।