खड्डा। गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर चलने वाली कई ट्रेनों का संचालन बंद हो गया है। यात्रियों की दिक्कत को देखते हुए खड्डा के विधायक ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर ट्रेनों का नियमित संचालन कराते रहने एवं कोहरे से बचने के लिए दूसरे विकल्प तलाश करने की मांग की है।
रेल प्रशासन ने कोहरे को देखते हुए शुक्रवार एक दिसम्बर से गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर चलने वाली पांच सवारी गाड़ियों (55071, 55081, 55029, 55042 व 55079) तथा आनंद विहार-रक्सौल सत्याग्रह एक्सप्रेस को आगामी 13 फरवरी तक के लिए बंद कर दिया है। इस रूट पर दो माह 13 दिन के लिए छह गाड़ियों का संचालन निरस्त कर दिए जाने से रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
रेल यात्रियों की इस दिक्कत को देखते हुए खड्डा के विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने रेल मंत्री पियूष गोयल, रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा समेत रेलवे के अन्य वरिष्ठ अफसरों को पत्र भेजकर इन सभी ट्रेनों का संचालन पुन: शुरू कराने तथा कोहरे से बचाव के लिए दूसरे विकल्प तलाशने की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया है कि रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों के मन में जन प्रतिनिधियों और सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।