कुशीनगर विधानसभा के साखोपार में भाजपा के चुनावी जनसभा को संबोधित करते केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ।
कुशीनगर के साखोपार में रविवार को जनसभा में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो पिछले ढाई साल में केंद्र से जितनी रकम दी गई है, उसकी जांच कराकर दुरुपयोग करने वालों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सीएम कहें कि पापा-चाचा काम नहीं करने दे रहे तो यह अफसोसजनक है। बसपा और सपा-कांग्रेस में कीचड़ ही कीचड़ है।
करीब 45 मिनट के अपने संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री ने बड़े सधे अंदाज में विरोधी दलों पर निशाना साधा। कहा कि काम बोलता नहीं, दिखता है। देेश में पहली बार फोरलेन हाइवे बनाने की शुरूआत अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में हुई थी। यूपी की सरकार किसानों का धान-गेहूं भी नहीं खरीद पा रही है। बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की हालत खराब है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जिस मंत्री के विरुद्घ रेप का केस दर्ज हुआ है, उसके लिए मुख्यमंत्री वोट मांग रहे हैं। बसपा का हाथी रुपये खाकर बीमार पड़ गया है। कुशीनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने जनसभा में अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। इस मौके पर अभय नारायण सिंह ने गृहमंत्री को साफा बांधकर स्वागत किया। मंच का संचालन राधेश्याम गोंड ने किया।
जनसभा को सांसद राजेश पांडेय, कोटा के सांसद ओम बिड़ला, मथुरा के विधायक पूरनचंद, बिहार के विधायक प्रमोद गुप्ता, डॉक्टर संगम मिश्र, पूर्व विधायक सुरेंद्र शुक्ल, अखिलेश मिश्र, सुधीर राव, सतीश मणि त्रिपाठी, रमाशंकर कुशवाहा, रमेश चंद, अवधेश सिंह, नीतिश यादव, अमरचंद जायसवाल, राजेश्वर सिंह, जगदंबा सिंह, लल्लन मिश्र आदि ने संबोधित किया।