मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के नाहर छपरा गांव के बाहर झरही में बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने एक युवती का शव देखा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सरपतही बुजुर्ग निवासी कैलाश रौनियार की 21 वर्षीय बेटी प्रेमलता के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह छठ पर्व के दिन सोमवार की शाम से घर से लापता थी। काफी खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला तो घरवालों ने नेबुआ नौरंगिया थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एसआई चंदन मौर्य ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। सोमवार की शाम से वह लापता थी। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद