गुरवलिया बाजार। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरवा राजापाकड़ के सीताराम चौराहा स्थित खेल परिसर में जयहिंद क्रिकेट क्लब बंगरा दुमही की तरफ से आयोजित चतुर्थ जयहिंद क्रिकेट प्रतियोगिता के पांचवें दिन रविवार को एक लीग व एक क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। लीग मैच में अमन इलेवन खुदरा अहिरौली ने विजयपुर व क्वार्टर फाइनल में मिश्रौली ने अमन इलेवन को हराया। मिश्रौली की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।
प्रतियोगिता के सातवें लीग मैच में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए खुदरा अहिरौली की टीम 12 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाई। 11 गेंद में तीन छक्कों व दो चौकों की मदद से 29 रनों का योगदान करने वाले अमन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। जवाब में उतरी विजयपुर की टीम 10.4 ओवर में 61 रन ही बना सकी। खुदरा अहिरौली की टीम 51 रनों से जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। यहां उसका मुकाबला मिश्रौली की टीम से हुआ।
इस मैच में खुदरा अहिरौली की टीम टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9.2 ओवर में महज 69 रन पर आउट हो गई। विरोधी टीम के गेंदबाज गोलू ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। 70 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिश्रौली 9.1 ओवर में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में पहुंच गई। बल्लेबाज 18 गेंद 30 बनाने वाले मुन्ना मैन आफ द मैच चुने गए। छोटू व रिशु शुक्ल ने अंपायरिंग, अमित पांडेय ने स्कोरिंग व कृष्णा कुमार गोंड ने कमेंट्री की। मैच का शुभारंभ मुलायम गोंड व अनवर अंसारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस दौरान सत्येंद्र उर्फ गुड्डू शुक्ल, अरविंद उर्फ भीम भारती, निजाम अंसारी, करन कुमार, सुशांत, सोहित, तौफीक, करन कुमार, नीरज कुमार, अंकुर चौहान, अनिल कुशवाहा, रवि शुक्ल आदि मौजूद रहे।