कैबिनेट मंत्री और एसडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण
पडरौना। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य का प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री व सदर विधायक स्वामी प्रसाद मौर्य ने जायजा लिया। उनके साथ एसडीएम सदर रामकेश यादव भी थे। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने का निर्देश दिया। माघी विशुनपुरा में गैरहाजिर मिले बीएलओ के खिलाफ एसडीएम ने कार्रवाई की संस्तुति की। इसके बाद एसडीएम ने कई बूथों का निरीक्षण किया।
कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सदर विधानसभा क्षेत्र के कांटी और माघी विशुनपुरा के बूथों पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मौजूद बीएलओ और गांव के लोगों से कहा कि मतदान से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे, इस बात का विशेष ख्याल रखें। जिनके नाम में त्रुटि है, वे सुधार के लिए आवेदन कर दें। अन्य लोग भी मतदाता सूची का अवलोकन करें और सुनिश्चित कर लें कि कहीं उनका नाम छूटा तो नहीं है। इस दौरान लेखपाल योगेंद्र गुप्ता आदि मौजूद थे। एसडीएम ने बताया कि उन्होंने सरपतही बुजुर्ग, बंगालीपट्टी, कंठीछपरा, दांदोपुर, मिश्रौली और जंगल बकुलहां के बूथों का निरीक्षण किया। वहां के बीएलओ उपस्थित मिले।
विशेष अभियान दिवस पर एडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस मनाया गया। एडीएम ने पडरौना सहित क्षेत्र के कई बूथों का निरीक्षण किया तथा वहां चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया।
एडीएम विंध्यवासिनी राय ने बताया कि उदित नारायण पीजी कॉलेज में बने चारों बूथों पर बीएलओ और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। उनके पास मतदाता सूची में नाम दर्ज करने, सुधार और हटाने से संबंधित फार्म भी उपलब्ध थे। यूएनआईसी के सभी आठ बूथों पर भी संबंधित अधिकारी और बीएलओ मौजूद थे। एडीएम ने प्राथमिक विद्यालय परसौनी कला और सिधुआं बूथों पर निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के पालन का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बीएलओ अर्चना देवी, सतीश लाल श्रीवास्तव, रामजतन यादव, सोनिया सिंह, प्रमोद कुमार त्रिपाठी, राजकुमारी देवी, मीरा देवी, प्रभुनाथ पांडेय, सुनीता शर्मा, जितेंद्रधर द्विवेदी, सुमन भारती, पूनम यादव, पुष्पा चौधरी, विजय कुमार मौजूद थे।