अहिरौली बाजार। गोरखपुर-कप्तानगंज रेल मार्ग पर मंगलवार को सुबह करीब 6 बजे पिपराइच की तरफ से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। जानकारी होने पर आसपास के गांव वालों की भीड़ जुट गई। शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में भेज दिया।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव घोड़ादेउर पांडेय टोला गांव के सामने पिपराइच की तरफ से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह काले रंग का सिर्फ लोवर पहना था। दाढ़ी और बाल बढ़े थे। ट्रेन के चालक ने घटना की सूचना बोदरवार स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने अहिरौली बाजार थाने पर मेमो भेजा। इसके बाद पुलिसकर्मी पहुंचे। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को मोर्चरी में भेज दिया। अहिरौली बाजार के एसओ मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी है।