उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के पटहेरिया-तुर्कपट्टी मार्ग स्थित धारमठिया गांव के राजपति चौराहा पर मंगलवार की दोपहर कार और मैजिक में टक्कर हो गई। कार सवार तीन युवक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी फाजिलनगर भेजा। प्राथमिक उपचार कर डॉक्टर ने दो घायलों को मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया।
पटहेरिया से तुर्कपट्टी की ओर जा रहा मैजिक वाहन से धारमठिया गांव के राजपति चौराहे पर पटहेरिया की ओर से आ रही कार टकरा गई। तीन युवक कार में और मैजिक का चालक मैजिक में ही फंस गए। लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से दोनों वाहनों को अलग कर लोगों को बाहर निकाला। कार सवार घायलों की पहचान सोनू कुशवाहा (23), अमित गुप्ता (22) व राजन यादव (24) गांव गगलवा थाना पटहेरवा के रूप में हुई। वे तुर्कपट्टी से घर लौट रहे थे, जबकि मैजिक चालक की पहचान बब्बू उर्फ किशन यादव (22) निवासी काजीपुर के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों की मदद से घायलों को फाजिलनगर सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सोनू कुशवाहा और अमित गुप्ता को मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहन पुलिस के कब्जे में हैं। घायलों का इलाज चल रहा है।