कसया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला इकाई की ओर से रविवार की सुबह कुशीनगर में सफाई अभियान चलाया गया। जिला संगठन मंत्री की अगुवाई चलाए गए इस अभियान की शुरूआत कुशीनगर स्थित शिव मंदिर परिसर की सफाई से की गई। इसमें शामिल कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर सहित नजदीक के स्थलों की सफाई की।
जिला संगठन मंत्री आकर्षण मिश्र ने लोगों से साफ-सफाई का ख्याल रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुशीनगर को स्वच्छ और सुंदर रखना सबका दायित्व है। इसका ईमानदारी के साथ पालन करना चाहिए।
नगर मंत्री अंकित द्विवेदी ने कहा कि शिव मंदिर आस्था का केंद्र है। यहां पर साफ-सफाई बेहतर हो, यह हम सब लोगों का कर्तव्य है।
मंदिर परिसर की सफाई के बाद कार्यकर्ताओं ने स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत, हम सबने यह ठाना है,भारत स्वच्छ बनाना है, सभी रोगों की एक दवाई-घर में रखो साफ-सफाई आदि नारा लगाते हुए मुख्य गेट तक जागरूकता रैली भी निकाली।
इस दौरान अभाविप के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रमन मौर्य, मनीष सिंह, अभिषेक शुक्ल, ओमप्रकाश, अभिषेक कुमार, शिवम द्विवेदी, अमित मिश्र, करुणानिधि, अभिषेक पांडेय आदि शामिल रहे।