तमकुहीराज। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील अध्यक्ष पीएन पांडेय की अगुवाई में पत्रकारों ने एसडीएम व सीओ तमकुहीराज को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने दोनों अधिकारियों को अवगत कराया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में फर्जीवाड़ा करने वाले एक गिरोह के सरगना के खिलाफ खबर लिखने के कारण आरोपी की मिलीभगत से कुछ सफेदपोश पत्रकार को फर्जी मुकदमे में फंसाने व जानमाल की धमकी दे रहे हैं। पत्रकारों ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को ग्रापए तमकुहीराज के तहसील अध्यक्ष पीएन पांडेय की अगुवाई में तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के पत्रकार एसडीएम विकास चंद व सीओ जितेंद्र सिंह कालरा के कार्यालय पहुंच उन्हें ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि एक अखबार के पत्रकार की ओर से फर्जीवाड़ा करने वाले एक गिरोह के सरगना के खिलाफ लगातार कई खबर प्रकाशित की गई है। इसको लेकर स्वास्थ्य क्षेत्र में गैर कानूनी कार्य करने वाले गिरोह के सदस्यों एवं संबंधित आरोपी सरगना खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार को फर्जी मुकदमा में फंसाने समेत तमाम तरह की धमकी दे रहा है। पत्रकारों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान रजनीश राय, कृष्णा राय, अशोक वत्स, ओमप्रकाश राय, रविन्द्र तिवारी, प्रमोद त्रिपाठी, धनेश्वर पांडेय, अनिल पांडेय, कृष्णा यादव, किरेश पांडेय, कृपा शंकर यादव, शैलेश बंटी, जाहिद अंसारी, सत्यप्रकाश मिश्र, अखिलेश राय, आशुतोष पांडेय, गोपाल गुप्ता, आसीम अली आदि मौजूद रहे।