कुशीनगर। किसानों, उद्यमियों और ग्रामीण व्यवसायियों को बैंकिंग योजनाओं से जोड़ने तथा कृषि क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 जून को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की जनपद स्थित सभी 28 शाखाओं में मेगा कृषि ऋण आउटरिच कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विभिन्न कृषि एवं स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति और वितरण की सुविधा प्रदान की जाएगी। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना के तहत ऋण का लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को समूह ऋण भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि गव्य विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन, मुर्गी पालन, ग्रामीण भंडारण, फूड प्रोसेसिंग तथा अन्य कृषि आधारित गतिविधियों के लिए भी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे कृषि एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। अग्रणी जिला प्रबंधक ने किसानों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों और ग्रामीण व्यवसायियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में पहुंचकर मेगा कृषि ऋण आउटरिच कैंप में प्रतिभाग करें और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।