सामूहिक विवाह में आशीर्वाद देते अतिथि। संवाद
मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित समारोह में 69 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें विशुनपुरा ब्लॉक के 40 और पडरौना ब्लॉक के 29 जोड़े शामिल रहे। इनमें से 13 शादियां अल्पसंख्यक वर्ग की रही।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय कुमार दुबे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सदर विधायक मनीष जायसवाल रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समरसता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सम्मानजनक तरीके से विवाह संपन्न करने का अवसर देती है। समाज में एक सकारात्मक संदेश देती है। सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आज के समय की जरूरत है। यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक अभियान है, जो गरीब, दलित, पिछड़े , अल्पसंख्यक एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन को नई दिशा देता है। राज्य सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समानता को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत पर शुभकामनाएं दीं।और भरोसा दिलाया कि सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान शासन की ओर से निर्धारित सभी उपहार घरेलू सामान, बर्तन सेट, कपड़े, बिस्तर आदि नवविवाहित जोड़ों को प्रदान किए गए। बीडीओ विशुनपुरा अखंड प्रताप एवं पडरौना बीडीओ रवि कुमार रंजन ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का पगड़ी एवं पुष्प देकर सम्मान किया।