फाजिलनगर। 19वें अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित होगा। आयोजन समिति ने शनिवार को कस्बे के मैरिज हाॅल में बैठक कर रणनीति बनाई। प्रतियोगिता के पूर्व आयोजित होने वाले मशाल दौड़ में शामिल होने के लिए धावक-धाविकाओं से 22 सितंबर से पांच अक्तूबर तक आवेदन लेने पर निर्णय लिया गया। बैठक में क्रिकेट प्रतियोगिता दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष व पूर्व आरटीओ डॉ. अजय त्रिपाठी ने बताया कि शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी की याद में 18 वर्षों से आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कसया से मशाल दौड़ शुरू होकर आयोजन स्थल तक पहुंचेगा। इच्छुक धावक आजाद स्पोर्ट्स से आवेदन फॉर्म लेकर दो फोटो और आधार कार्ड की फोटो काॅपी के साथ फार्म को भरकर जमा कर दें। इसमें वही लोग आवेदन कर सकते हैं, जिनकी उम्र 16 वर्ष से ऊपर हो। सभी धावकों का चयन ट्रायल के माध्यम से 12 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से पावानगर महावीर इंटर काॅलेज के खेल ग्राउंड में किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले टीमों का चयन अभी से शुरू किया जा चुका है।