संदिग्ध हाल में विवाहिता की मौत, शव छोड़कर भागे ससुराली
वनवा टोला की घटना, दहेज हत्या के आरोप की जांच शुरू
दुदही(कुशीनगर)। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बतरौली धुरखड़वा के वनवा टोला में रविवार रात 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके वालों के पहुंचने से पहले ससुराली घर पर शव को छोड़कर भाग गए। विवाहिता के घरवालों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पडरौना मडूरही निवासी इद्रीस अंसारी ने छह साल पहले बेटी सदरून निशा की शादी बतरौली धुरखड़वा के वनवा टोला निवासी सेराज के साथ की थी। सदरून का पति पूना में रहकर कमाता है। घर पर सास ,ससुर, दो ननद, और देवर हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही बाइक एवं एक लाख रुपये की मांग लेकर ससुराली सदरून को प्रताड़ित करते थे।
रविवार रात किसी ने इद्रीस को फोन कर सदरून निशा की मौत की सूचना दी। उस समय इद्रीस गोंडा में थे। सोमवार सुबह वह अन्य लोगों के साथ बेटी की ससुराल में पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला।
इद्रीस ने बताया कि बेटी का शव तख्त पर पड़ा था। गर्दन और शरीर पर चोट के निशान थे। इद्रीस ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सीओ जितेंद्र सिंह कालरा मौके पर पहुंचे। सीओ जितेंद्र सिंह कालरा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।