पडरौना। त्योहारों का मौसम शुरू होते ही बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। हरतालिका तीज को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। पर्व की तैयारी के लिए महिलाएं जहां साड़ी, सूट और अन्य परिधानों की खरीदारी कर रही हैं, वहीं सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है। तीज पर नए कपड़े और आभूषण खरीदने की परंपरा के चलते बाजार में कारोबारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
हरतालिका तीज को लेकर महिलाओं में चूड़ी, पायल, बिछिया, मंगलसूत्र, अंगूठी और कान के आभूषणों की मांग बढ़ी है। बजट के अनुसार ग्राहक हल्के और आकर्षक डिजाइन वाले गहने पसंद कर रहे हैं। सराफा दुकानदारों के अनुसार, त्योहार के चलते खरीदारी में तेजी आई है। कपड़ा बाजार में भी अलग तरह का ट्रेंड देखने को मिल रहा है।
इस बार पति-पत्नी के मैचिंग कपड़ों की मांग बढ़ी है। महिलाएं अपने परिधान के रंग और डिजाइन से मेल खाते कुर्ते, शर्ट और अन्य कपड़े पति के लिए पसंद कर रही हैं। दुकानदार प्रदीप चहाड़िया, संजय अग्रवाल, राजेश अग्रवाल का कहना है कि मैचिंग ड्रेस की मांग खासकर युवा दंपतियों में अधिक है। तीज के साथ आने वाले अन्य त्योहारों को देखते हुए बाजार में खरीदारी का सिलसिला और तेज होने की उम्मीद है।