माओवादियों ने धमकी भरा पर्चा चिपकाया
खड्डा (कुशीनगर)। यूपी-बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में 100 की संख्या में माओवादियों ने गांवों में सरकार के विरुद्ध धमकी भरा पर्चा चिपकाकर सनसनी फैला दी है। इसमें धमकी दी गई है कि सरकारी कर्मचारी लोगों को परेशान न करें। हथियार से लैस दस्ते के चहलकदमी से बिहार पुलिस अलर्ट होकर कांबिग कर रही है। अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
खड्डा थाना क्षेत्र से सटे बिहार के नौरंगिया, लौकरिया व वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के गोनौली, संतपुर, घोठवा टोला, खगड़हिया, हरनाटाड़, काला बरवा, बैरिया खुर्द आदि गांवों में अत्याधुनिक हथियारों से लैस माओवादी संगठन लाल सलाम के सदस्य गांव के घरों पर पोस्टर चिपकाकर चेतावनी दी है कोई भी सरकारी विभाग लोगों का उत्पीड़न न करे, अन्यथा अंजाम बुरा होगा। इसके अलावा यह भी फरमान सुनाया है कि भारत-नेपाल सीमा पर बनने वाली सड़कों का निर्माण बंद किया जाए। माओवादियो ने पुलिस के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है। इस संबंध में बगहा के आरक्षी अधीक्षक (एसपी) राजीव रंजन ने बताया कि संदिग्ध तत्वों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार छापे मार रही है। लौकरिया थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।