पडरौना। सदर बीईओ ने जिला मुख्यालय स्थित सरस्वती चौक के पास संचालित स्कूल का दूसरी बार निरीक्षण किया। पहले बंद कराई गईं कक्षाएं संचालित मिलीं। उन्होंने प्रबंधक को फटकार लगाई और अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन बंद करने की अंतिम चेतावनी दी।
कुछ दिन पहले सदर बीईओ सुरेंद्र बहादुर सिंह की जांच में विद्यालय की मान्यता आठवीं तक मिली थीं, लेकिन नौ से 12वीं तक की कक्षाएं चल रही थीं।
बीईओ ने इन कक्षाओं को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी कक्षाएं चल रही थीं। डीएम और सीएम पोर्टल पर शिकायत के आधार पर बीईओ ने सोमवार को दोबारा निरीक्षण किया। पूर्व में बंद कराई गईं कक्षाओं के विद्यार्थी परीक्षा देते मिले। प्रबंधक को मान्यता के अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन नहीं करने के लिए अंतिम चेतावनी दी गई है। यदि इसके बाद भी जांच में बंद हुई कक्षाएं संचालित मिली तो विधिक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। संवाद