सुबह 7:30 बजे से 12:30 बजे तक है परिषदीय विद्यालय के संचालन के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार को परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई शुरू हो गई। बच्चों के लिए स्कूल का समय सुबह 7:30 से 12:30 बजे संचालित हुआ। पहले दिन स्कूल जाने वाले बच्चों की संख्या बहुत कम रही, शिक्षक भी देर से पहुंचे। जिले के कुछ हिस्सों में सुबह बारिश हो गई। इसके चलते कुछ स्कूलों में एक भी बच्चा स्कूल नहीं पहुंचा, इससे उन स्कूलों में दोपहर का खाना भी नहीं बना। नगर के कुछ स्कूलों में सोमवार को देर तक साफ-सफाई हुई। गर्मी की छुट्टी के बाद सोेमवार को अमर उजाला ने नगर समेत जिले के अन्य स्कूलों की लाइव रिपोर्ट की।
सुबह 7:41 बजे बीआरसी परिसर में संचालित संविलयन विद्यालय में सफाई कर्मी झाडू लगा रही थी। विद्यालय में नामांकित दो सौ से अधिक छात्र-छात्राओं में से महज 15 ही स्कूल पहुंचे थे। हालांकि, इस विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक बिंदा चौहान, अनुदेशक हिमांशु चौधरी, ममता पांडेय और मनीषा श्रीवास्तव मौजूद रहीं।
भवन जर्जर होने की वजह से बीआरसी परिसर में ही चल रहे उच्च प्राथमिक विद्यालय साहबगंज में सुबह 7:43 बजे केवल एक छात्र और रसोइया स्कूल पहुंची थीं, जबकि यहां तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापक मंजू देवी और शिक्षा मित्र आशा देवी स्कूल नहीं पहुुंची थीं।
इसी तरह साहबगंज मोहल्ला स्थित प्राथमिक विद्यालय कन्या में भी सुबह 7:52 बजे तक केवल एक छात्र पहुंचा था। यहां तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमन जायसवाल स्कूल नहीं पहुंच सकी थीं।
कप्तानगंज ब्लाॅक के प्राथमिक विद्यालय पटखौली में 8:22 बजे शिक्षक फिरोज और रेनू गुप्ता कक्षा के बाहर खड़े थे। सफाई कर्मी बरामदे की सफाई कर रही थी। शिक्षकों ने बताया कि स्कूल में कुल 45 छात्रों का नामांकन है। ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल खुलने पर सोमवार को पहले दिन केवल कक्षा एक की छात्रा स्कूल आई है।
सुबह 8:40 बजे कस्बा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या और इसी परिसर में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं की अपेक्षा आधे से कम विद्यार्थी स्कूल पहुंचे थे।
तमकुहीराज प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार को स्कूल खुलने के समय बारिश शुरू हो गई। इस वजह से शिक्षक कुछ विलंब से स्कूल पहुंचे। बारिश होने के साथ स्कूल का पहला दिन होने की वजह से विद्यालयों में नामांकित छात्रों की संख्या कम रही। सुबह 9:50 बजे प्राथमिक विद्यालय मोरवन मठिया में छात्र-छात्राओं की संख्या कम रही। प्रधानाध्यापक संगीता कुमारी ने बताया कि विद्यालय में 134 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इसमें से केवल दस बच्चे ही स्कूल आए हैं।
11:02 बजे प्राथमिक विद्यालय चखनी मिश्र में कोई भी छात्र स्कूल परिसर मेें नहीं मिला। प्रधानाध्यापक अंजू चौहान ने बताया विद्यालय में 78 छात्र-छात्राएं नामांकित है। खराब मौसम के कारण बच्चे विद्यालय नहीं आए हैं।
शहर के निजी विद्यालयों में भी कम रही बच्चों की उपस्थिति
सोमवार को गर्मी की छुट्टी के बाद स्कूल खुलने पर नगर के प्राइवेट स्कूलों में छात्र-छात्राओं की संख्या कम रही। छात्रों की कम उपस्थिति का बारिश भी एक कारण रहा।
नगर के रियल पैराडाइज एकेडमी की प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार को पहले दिन स्कूल खुला है। स्कूल खुलने के समय हल्की बारिश हो गई। इसके चलते भी विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति कम रही है। उन्होंने बताया वाहन से आने वाले बच्चे भी स्कूल का पहला दिन होने के चलते कम आए हैं।
इसी तरह नगर के हनुमान इंटर कॉलेज, भारतीय इंटर कॉलेज, सेंट जेवियर्स और स्टीफन एकेडमी समेत अन्य परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपपिस्थति कम रही है।
कोट
बारिश और स्कूल का पहला दिन होने की वजह से विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति कम रही है। विद्यालयों में छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। सभी शिक्षकों को समय से स्कूल पहुंचने के लिए निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई शिक्षक विलंब से स्कूल पहुंचेगा, तो उन्हें नोटिस देकर जवाब तलब किया जाएगा।
- डाॅ. राम जियावन मौर्या, बीएसए, कुशीनगर।