कसया। नगर के वार्ड नंबर 18 डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर मथौली में खुले में मेन सड़क के मोड पर लगा ट्रांसफार्मर दुर्घटना को दावत दे रहा है। आए दिन इस ट्रांसफार्मर से आग की चिंगारी और धुंआ निकलता रहता है। सोमवार की देर रात को फेस वायर चिपकने की वजह से कई घरों के इलेक्ट्रिकल उपकरण जल गए। इसको सुरक्षित करने की सूचना कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों काे दी गई है। इसके बावजूद इसपर कोई ध्यान नहीं देता है। जिससे आस-पास के लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वार्ड में जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे सुरक्षा के मानकों को दरकिनार करते हुए खुले में इस ट्रांसफार्मर को 11 केवीए के तारों से सीधा जोड़ दिया गया है। इन तारों को कोई सपोर्ट भी नहीं दिया गया है। जिसके कारण तार आपस में टकराकर चिंगारी पैदा करते रहते हैं। हल्की हवा चलने पर भी तार आपस में चिपक जाते हैं और आग लग जाती है। रात में भी तार टूटकर आपस में टकरा गए, जिससे आग लग गई।