पडरौना/कसया। गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के महुआचाफी गांव में छात्र की हत्या में वांछित कुख्यात पशु तस्कर मन्नू शाह का करीबी कसया का गैंगेस्टर व 25 हजार के इनामी शाह आलम को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध कुशीनगर जिले में चार प्राथमिकी दर्ज है।
बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली दुबौली तकिया गांव निवासी शाह आलम पर कसया पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
इनामी शाह आलम गोपालगंज जेल में बंद मन्नू शाह का करीबी है। मन्नू शाह गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के महुआचाफी गांव में छात्र की हत्या के मामले में फरार चल रहा है। इसके अलावा कुशीनगर के रामकोला थाने का भी वांछित है।
पुलिस के अनुसार शाह आलम का नेटवर्क यूपी से बिहार तक पशु तस्करी के धंधे में फैला है। काफी दिनों से फरार चल रहा था। कसया थानाध्यक्ष अभिनव कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।