विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर मुसहर मंच की तरफ से रविंद्र नगर में आयोजित कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ करते बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम माझी और नपा अध्यक्ष शिव कुमारी देवी।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम माझी ने रविवार को कहा कि दलित, मुसहर और पिछड़े वर्गों के लोगों को उचित हक दिलाने का कार्य किया। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चला।
उन्हाेंने कहा कि आरक्षण के खिलाफ हूं। उनका कहना था कि आरक्षण से यदि किसी को लाभ मिल जाए तो उसे दूसराें को भी इसका लाभ लेने का अवसर देना चाहिए। वह जनपद मुख्यालय पर मुसहर समाज की ओर से मजदूर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
तकरीबन बारह बजे तक वह सर्किट हाउस पहुंच गए थे, लेकिन भीड़ कम होने की वजह से दिन के तीन बजे आयोजन स्थल पर पहुंचे। उनके कार्यक्रम में भीड़ से अधिक सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। अल्प संसाधनों के बीच उन्हाेंने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की।
उन्हाेंने कहा कि मुसहर समाज नशा को त्याग शिक्षा पर दें। शिक्षा और राजनीति में भागीदारी से ही उनके दिन बहुर सकते हैं। इस दौरान हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता विपिन तिवारी ने भी मुसहराें के जीवन पर अपने विचार व्यक्त किया। नगरपालिका अध्यक्ष शिवकुमारी देवी ने कहा कि मुसहर समाज की मुख्य धारा में जुड़ने लगे हैं। इस दौरान विभूती चौहान सहित अन्य लोग मौजूद थे।