ट्रक की चपेट में आए व्यक्ति की मौत
तमकुहीराज। कस्बा स्थित ओवरब्रिज के पूर्वी छोर पर ट्रक की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे व्यक्ति की मौत हो गई। वह अपनी पत्नी का उपचार कराकर लौट रहा था। ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस ने ड्राइवर को पकड़ लिया है।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बनवरिया निवासी रामनरेश चौहान (50) की पत्नी का इलाज हरिहरपुर स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। बृहस्पतिवार की दोपहर रामनरेश पत्नी का हालचाल लेकर अस्पताल से घर जा रहे थे। तमकुहीराज ओवरब्रिज के पूर्वी छोर के पास सड़क पर करते समय वह ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
रामनरेश के सिर में गंभीर चोटें आ गई। घटनास्थल पर पहुंचे तमकुहीराज पुलिस चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह उन्हें सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी रोककर उसी में बैठा रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर को पकड़ लिया।