कप्तानगंज। गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड के महराजगंज जिले के घुघली रेलवे स्टेशन परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक महिला को महंगा पड़ गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने रेलवे स्टेशन पर रील बनाने की बात स्वीकार की। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
महराजगंज जिले के घुघली रेलवे स्टेशन पर 16 जून को बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसकी सूचना मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को मिली। इसके बाद जीआरपी पनियहवा के उपनिरीक्षक गोपाल यादव की तहरीर पर आरपीएफ ने मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान जीआरपी पनियहवा ने महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया और आरपीएफ पोस्ट कप्तानगंज को सौंप दिया। महिला की पहचान नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के देवतहा गांव की रनिता कुशवाहा पत्नी राजेश कुशवाहा के रूप में हुई। आरपीएफ कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक परमेश्वर कुमार ने बताया कि रनिता कुशवाहा ने रेलवे स्टेशन पर रील बनाने की बात स्वीकार की है। जीआरपी पनियहवा की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कप्तानगंज पोस्ट से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
-
एक वर्ष में दूसरी कार्रवाई
रेलवे परिसर और ट्रैक पर रील बनाने के मामलों में यह एक वर्ष के भीतर दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले 21 अक्तूबर 2025 को पनियहवा ओवरब्रिज पर रील बनाने के मामले में जटहा बाजार थाना क्षेत्र के पुर्नहा गांव की अर्चना कुमारी के खिलाफ आरपीएफ कप्तानगंज ने प्राथमिकी दर्ज की थी।