मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के माघी कोठीलवा गांव के एक 26 वर्षीय युवक की पुणे के वापी शहर में मंगलवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना पाकर घर में चीख-पुकार मच गई। शव को घर लाने के लिए परिजन पुणे के लिए रवाना हो चुके हैं। युवक की मौत के बाद घर में मां और पत्नी बची है। जबकि परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है।
माघी कोठीलवा गांव के टोला मुर्गहवा निवासी संतोष चौहान परिवार की माली हालत को सुधारने के लिए करीब दस दिन पहले पुणे के वापी शहर में एक प्राइवेट कंपनी में जेसीबी ऑपरेटर का काम करने गया था, जिसकी मंगलवार की रात कमरे में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी सूचना साथ में काम कर रहे एक व्यक्ति ने परिजनों को दी। मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में बुधवार की सुबह पुणे के लिए रवाना हो गये। सूचना पर पहुंची वहां की स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।