नौकरी के लिए गंवाए दो लाख रुपये, मिला फर्जी नियुक्ति पत्र
पडरौना। नौकरी के लालच में आकर व्यक्ति ने दो लाख रुपये गंवा दिए। बदले में फर्जी नियुक्ति पत्र मिला। अब व्यक्ति ने थाने में प्रार्थनापत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नथुनी प्रसाद ने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि उनके गांव के रहने वाले दंपती तीन साल पूर्व उनके घर आए। उन लोगों ने रुरल ग्रामीण विकास मिशन विभाग में ब्लॉक सुपरवाइजर और सीनियर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी लगवा देने की बातचीत की। इसके लिए कुल पांच लाख रुपये मांगे। नथुनी प्रसाद की बेटी रंजना कुमारी और बहू गुंजा देवी को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये ले लिए। बाकी रकम नियुक्ति पत्र देने के बाद चुकाने की बात तय हुई।
उसके बाद न तो नौकरी मिली, न ही आरोपियों ने रकम वापस की। काफी प्रयास के बाद फर्जी नियुक्तिपत्र दे दिया। ब्लॉक से जानकारी लेने पर मालूम हुआ कि इस तरह की योजना नहीं आई है। नथुनी प्रसाद का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी जानमाल की धमकी दे रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि इस मामले में कार्रवाई में पुलिस ढिलाई कर रही है। इस संबंध में एसएचओ अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन करके कार्रवाई की जाएगी।