चैत्र नवरात्र की पूर्व संध्या पर पडरौना में निकाली गई शोभायात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। रविवार से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए सभी देवी मंदिरों मेें भव्य तैयारी की गई। प्राचीन खह्नवार मंदिर, खिरकिया दुर्गा मंदिर, पडरौना दुर्गा मंदिर, धर्मसमधा मंदिर सहित मां दुर्गा के अन्य मंदिरों सफाई के साथ-साथ मेला के दृष्टिकोण से समुचित प्रबंध किया गया। शनिवार को पूजन-सामग्रियों सहित अन्य वस्तुओं के दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजा लीं। चैत्र नवरात्र पर देवी मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। वहां मां दुर्गा की मूर्तियों, पिंडी, चौरा आदि की सफाई के बाद दर्शन-पूजन का विशेष प्रबंध किया गया। मंदिरों की रंगाई-पुताई के साथ-साथ हैंडपंप, श्रद्धालुओं को सूचना देने के लिए साउंड सिस्टम, आरती और पूजा-अर्चना के लिए निर्धारित स्थल पर विशेष प्रबंध किया गया।
पडरौना नगर के प्राचीन दुर्गा मंदिर, बुढिया माई मंदिर, अंबे मंदिर, छावनी के दुर्गा मंदिर एवं हट्ठी माता मंदिर, बलुचहां के सायरी माता मंदिर, प्राचीन खिरकिया मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में भी चैत्र नवरात्र पर पूजा-अर्चना के लिए विशेष तैयारी एक दिन पहले ही पूूरी कर ली गई।
कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार इलाके के प्राचीन खह्नवार मंदिर और जल्पा देवी मंदिर में हर वर्ष नवरात्र में लगने वाली श्रद्घालुओं की भीड़ को देखते हुए शनिवार को तैयारी पूरी कर ली गई। मंदिर की रंगाई-पुताई और सफाई के साथ-साथ दर्शन-पूजन का विशेष प्रबंध किया गया। श्रद्धालुओं तक सूचनाएं पहुंचाने के लिए साउंड सिस्टम लगाया गया है। इन दोनों मंदिरों में पूजन-सामग्रियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं के जलपान के लिए दुकानें भी सज गई हैं।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के प्राचीन धर्मसमधा मंदिर में भी चैत्र नवरात्र में पूजा-अर्चना के लिए शनिवार को पूजन सामग्रियों की दुकानें सज गईं। मंदिर परिसर की सफाई के साथ-साथ मेले में आने वाले बच्चों और अन्य लोगों के मनोरंजन के लिए शनिवार को झूले भी लग गए। इसी तरह जनपद के दुबौली मंदिर, सिंहासनी माता मंदिर, चेड़ा देवी मंदिर, मैनपुर मंदिर, मंझरिया देवी मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में चैत्र नवरात्र के अवसर पर एक दिन पूर्व ही पूजा-अर्चना की तैयारी पूरी कर ली गई।