ढेबरूआ कस्बे में गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को घंटों लंबी कतार। संवाद
- फोटो : Samvad
ढेबरूआ। कस्बे में इन दिनों रसोई गैस सिलिंडर के लिए बनाई गई होम डिलीवरी की व्यवस्था फेल हो गई है। सिलिंडर लेने के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है।
सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतारें लग जा रही हैं, जो दोपहर की तेज धूप तक बनी रहती हैं। तपती गर्मी और लू के बीच महिलाएं भी लाइन में लगकर सिलिंडर लेने को मजबूर हैं। कई लोग पेड़ों की छांव तलाश अपनी बारी का इंतजार करते हैं।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी की ओर से कार्यालय और गोदाम पर होम डिलीवरी की सूचना चस्पा की गई है, लेकिन हकीकत में ज्यादातर लोगों को खुद आकर सिलिंडर लेना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहने से लोगों की सेहत पर भी खतरा मंडरा रहा है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह स्थिति ज्यादा मुश्किल भरी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू कराया जाए और गैस आपूर्ति को सुचारू बनाया जाए ताकि तपती गर्मी में राहत मिल सके।