तमकुहीराज। सेवरही थाने में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी करीबी पुलिसकर्मियों से मिलने के बाद दुष्कर्म का आरोपी सपा नेता घर छोड़कर फरार है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रहीं है। सूत्रों की मानें तो आरोपी का लोकेशन नेपाल में मिली है।
इसके बचाव में पीड़ित परिवार भी लोग दबाव बना रहे हैं, लेकिन किशोरी का पिता किसी की बात सुनने को राजी नहीं है और उसे पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा है। सेवरही कस्बा निवासी अनूप सोनी चार भाइयों में सबसे बड़ा है व महत्वाकांक्षी युवा नेता है। कम उम्र में ही सेवरही कस्बा में गठित स्वर्णकार संघ का दो बार अध्यक्ष रह चुका है। परिवार की आर्थिक स्थित बेहतर होने के कारण राजनीति में इंट्री के साथ ही आरोपी जीवन के विविध रंगों का शौकीन रहा है।
पूर्व के दिनों में भी कई किशोरियों व युवतियों के साथ संबंध उजागर हो चुके है, लेकिन हर मामले को मैनेज करने में सफल रहा है। आरोपी से जुड़ा दुष्कर्म का एक मामला वर्ष 2023 में नगर पंचायत चुनाव से ठीक पहले सामने आया था। जिसकी चर्चा सेवरही कस्बे में खूब रहीं, लेकिन रसूक व रुपयों के बल पर कार्रवाई नहीं हो सकी।
सूत्रों की मानें तो किशोरियों व युवतियों को अपने जाल में फंसाने में माहिर खिलाड़ियों का एक गिरोह विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय है जो राजनीतिक चोला ओढ़कर जरूरतमंद व लाचार किशोरियों व युवतियों को अपने जाल में फंसाकर उनका शारीरिक व मानसिक शोषण करते है। लोकल स्तर पर इनकी इतनी मजबूत पकड़ होती है कि थाने तक मामला पहुंचने के बाद कार्रवाई नहीं हो पाती है और मामला मैनेज हो जाता है।
इसी मामले में अनूप सोनू के प्रभाव में आई सेवरही पुलिस पांच दिनों तक पंचायत कर मामले को दबाने का प्रयास किया, लेकिन किशोरी के पिता कार्रवाई की जिद पर अड़ा और एसपी से शिकायत की बात कही तो तहरीर बदलवाकर छेड़खानी और पाॅक्सो एक्ट का केस दर्ज कर लिया गया। जानकारी मिलने पर तमकुहीराज सीओ सक्रिय हुए और किशोरी के बयान के बाद दुष्कर्म में मुकदमा तब्दील हो गया।