-शटडाउन लेकर गए थे चार लाइनमैन, एक से बात कर चालू कर दी लाइन
हादसे के बाद उपकेंद्र से भागा एसएसओ
बाल-बाल बचे अन्य लाइनमैन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पडरौना। मथौली कस्बा में फाॅल्ट ठीक करने के दौरान एक लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे लाइनमैन का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मथौली बाजार स्थित बिजली उपकेंद्र से जुड़े नगर के वार्ड नंबर दो और तीन में फाॅल्ट की वजह से बृहस्पतिवार को आपूर्ति ठप थी। लाइनमैनों ने बताया कि दिन में करीब 11:50 बजे लाइनमैन गुड्डू, राजकुमार, हरिवंश और राहुल ड्यूटी पर तैनात एसएसओ सुग्रीव प्रजापति से शटडाउन लेकर फाॅल्ट ठीक करने निकले। कुछ देर बाद सुग्रीव ने सिर्फ एक लाइनमैन रोहित से मोबाइल पर बात कर लाइट चालू कर दी।
इसकी वजह से हाईटेंशन लाइन के पोल पर काम कर रहे कस्बे के वार्ड संख्या-13 निवासी लाइनमैन राहुल उर्फ दुर्गेश उम्र 32 करंट वर्ष करंट की चपेट में आ गए और पोल से नीचे गिर पड़े। संयोग ठीक था कि अन्य तीन लाइनमैन काम निपटाकर पोल से नीचे उतर गए थे। गांव वाले राहुल को मथौली बाजार स्थित सीएचसी पर लाए। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां लाइनमैन जीवन और मौत से जूझ रहा है।
हादसे के बाद एसएसओ के उपकेंद्र से भाग निकले। लाइनमैन एसएमएम प्रोजेक्ट कंपनी से जुड़े हैं। कंपनी के मैनेजर नवीन श्रीवास्तव व आलोक दुबे मौके पर पहुंचे तथा हादसे की जानकारी ली। एसडीओ बृजलाल का कहना है कि मामला गंभीर है। इसकी जांच कराई जा रही है, जो दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।