करंट लगने से पोल से गिरा लाइनमैन, घायल
पडरौना। रविवार को नगर के रामकोला रोड के किनारे एचटी लाइन जोड़ते समय लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। पोल से सड़क पर गिर पड़ा, जिससे घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के बाद विद्युतकर्मी उसे घर लेकर चले गए।
रविवार को दोपहर बाद जेई के निर्देश पर अन्य विद्युतकर्मियों के साथ मेलानगरी निवासी विद्युतकर्मी अनिल तिवारी रामकोला रोड के किनारे हाईटेंशन तार जोड़ने पहुंचे। अभी वह बिजली का तार जोड़ ही रहे थे कि तार में करंट आ गया। बिजली के झटके से वह नीचे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहां मौजूद राजेश कुमार दूबे, मुकेश सिंह, संतोष मिश्र, संजय दूबे, संजय साहनी, अनिल श्रीवास्तव, राजेश पांडेय, रामजी आदि एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया।