पडरौना। करीब एक सप्ताह से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश होने के चलते तापमान में गिरावट होगी, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा।
कृषि विज्ञान सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुवि वी. सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम भारतीय मौसम विभाग की तरफ से जिले का मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। उसके अनुसार मौसम का अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
पूर्वानुमान अवधि के दौरान सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 90 से 97 प्रतिशत और शाम के समय सापेक्षिक आर्द्रता 66 से 82 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पूर्वानुमानित अवधि के दौरान 11 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पूरवा हवा चलेगी। संवाद