जिला पंचायत सदस्य ने एसआई के खिलाफ एसपी को भेजा पत्र
टेकुआटार। जिला पंचायत सदस्य लल्लन चौधरी ने कसया थाने में तैनात एसआई की कार्य प्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी को पत्र भेजा है। एसआई ने आरोपों को निराधार बताया है। कहा है जिला पंचायत सदस्य ने किसी के बहकावे में आकर आरोप लगाया है।
जिला पंचायत सदस्य लल्लन चौधरी का आरोप है कि जिले में लगभग 10 वर्षों से तैनात दरोगा अनिल कुमार पांडेय के क्षेत्र में अवैध बालू खनन व अवैध शराब की तस्करी का धंधा चलता है लेकिन एसआई धंधेबाजों पर कार्रवाई नहीं करते हैं। इसका विरोध करने पर वे जन प्रतिनिधियों से भी अमर्यादित व्यवहार करते हैं। इन आरोपों के संबंध में एसआई अनिल कुमार पांडेय का कहना है कि जिला पंचायत सदस्य किसी दूसरे के दबाव में आकर उन पर ये आरोप लगा रहे हैं। इस समय क्षेत्र में वाहन चेकिंग, मास्क चेकिंग और अवैध धंधेबाजों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पर शाबाशी के बजाय आलोचना की जा रही है। उन पर लगे सभी आरोप निराधार हैं।