लेखपाल का रिश्वत लेते वायरल हुआ था वीडियो
संवाद न्यूज एंजेसी
कप्तानगंज। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा पगार में तैनात लेखपाल सुधीर कुमार गुप्ता का एक व्यक्ति से उसका काम करने के बदले नकद रुपये लेने का वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इसके बाद डीएम के निर्देश पर एसडीएम मोहम्मद जफर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
दो मिनट 14 सेकंड के इस वीडियो में लेखपाल एक व्यक्ति से काम करने के एवज में चार हजार रुपये देने की मांग की जा रही है। इस पर वह व्यक्ति 3500 रुपये नकद दे रहा है। वीडियो में 500 रुपये कम मिलने के लिए लेखपाल की तरफ से आपत्ति जताई जा रही है, लेकिन वह व्यक्ति लेखपाल से मनुहार कर 3500 में राजी कर ले रहा है।
इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद डीएम रमेश रंजन ने संज्ञान लेते हुए कप्तानगंज एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिया। एसडीएम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेने के आरोप में लेखपाल को निलंबित कर दिया है।
एसडीएम मोहम्मद जफर ने बताया कि वायरल हुए वीडियो का अवलोकन करने के बाद प्रथम दृष्टया लेखपाल को दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया गया है। इसकी जांच कप्तानगंज के तहसीलदार को करने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह पूरी करवाई वायरल वीडियो के आधार पर की गई है। इसकी शिकायत किसी व्यक्ति ने नहीं किया है।