- विकास भवन गेट पर विरोध जताकर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी से की समस्याओं के निस्तारण की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। जिले के अंडा उत्पादन करने वाले फार्म संचालकों ने मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को विकास भवन के गेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी को मांग पत्र सौंपा।
अंडा उत्पादक एवं किसान संघ के संरक्षक इंजीनियर मनोज सिंह व अध्यक्ष विजेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में प्रदर्शन कर फार्म संचालकों ने कहा कि 28 फरवरी को पशुपालन विभाग के निदेशक व 13 अप्रैल को पुलिस महानिदेशक ने पत्र जारी कर डीएम और एसपी को निर्देश दिया है। इसकी जवाबदेही पशुपालन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की तय की गई है। फार्म संचालकों ने आरोप लगाया कि शासन की मंशा है कि जनसामान्य को गुणवत्ता युक्त अंडे की उपलब्धता व जन स्वास्थ्य के लिए कुक्कुट विकास सुनिश्चित किया जाए, लेकिन स्थिति ठीक इसके विपरीत है।
फार्म संचालकों ने मांग की कि अंडों को बाजारों में ले जाने के लिए शीतित यान (रेफ्रिजेटड वाहन) उपलब्ध कराया जाए।
प्रदर्शन में रवि प्रताप सिंह, अमन खान, अखलाक अहमद, दिनेश सिंह, अमन राय, संतोष गुप्ता, कादिर, राहुल राव, जाबिर शेख, निर्भय सिंह, अनिल सिंह, इमरान शेख, पवन सिंह, आफताब अहमद, गुड्डू वारसी, दिग्विजय सिंह, दशरथ सिंह, अमरजीत कुशवाहा, नफीस आलम आदि शामिल रहे।