तमकुहीरोड। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के लेखपालों ने अपनी छह मांगों के समर्थन में शुक्रवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट किया। लेखपाल तीन दिन से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
लेखपाल संवर्ग में उत्पन्न विसंगतियों को दूर किए जाने, लेखपाल संवर्ग का पद बदलकर उप राजस्व निरीक्षक करने और शैक्षिक योग्यता स्नातक किए जाने, राजस्व निरीक्षक क्षेत्रों की संख्या बढ़ाए जाने, लेखपाल संवर्ग का कैडर जिलास्तरीय किए जाने और स्थानांतरण नीति में संशोधन किए जाने, लेखपालों को लैपटॉप मुहैया कराए जाने और पहली अप्रैल 2005 से पूर्व नियुक्त लेखपालों को नई पेंशन योजना का लाभ दिए जाने की मांगों को लेकर तहसील क्षेत्र के लेखपाल आंदोलन कर रहे हैं। इसके लिए 16 अगस्त को कार्य बहिष्कार के बाद 17 अगस्त से काली पट्टी बांधकर अपना विरोध प्रकट कर रहे हैं। उनका विरोध प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। लेखपालों ने अपने-अपने क्षेत्र में बांह पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया।
विरोध प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा, शैलेष मिश्र, जयंत गुप्ता, देवचंद्र प्रसाद, सुरेश शर्मा, सतीश सिंह, धर्मेंद्र प्रजापति का कहना है कि उनका यह विरोध 22 अगस्त तक जारी रहेगा। आंदोलन के दूसरे चरण में 23 अगस्त से 29 अगस्त तक जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसी क्रम में 30 अगस्त को विधान सभा का घेराव किया जाएगा।