पडरौना। जीआईसी प्रवक्ता की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 14 जून को होने वाली परीक्षा के लिए जिले के छह केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक 2894 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
परीक्षा के लिए छह केंद्र व्यवस्थापक, इतने ही सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। इसके अलावा जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को रिजर्व में रखा गया है। सुबह साढ़े नौ से साढ़े 11 बजे की पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। लोक सेवा आयोग की ओर से जारी किए गए निर्देशों में यह भी जिक्र किया गया है कि विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने अथवा कर्फ्यू की स्थिति में अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र को ही कर्फ्यू पास माना जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो। इस बारे में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं।
जीआईसी प्रवक्ता भर्ती परीक्षा के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए हैं। इनमें उदित नारायण इंटर कॉलेज, उदित नारायण पीजी कॉलेज ब्लॉक एक व ब्लॉक बी, किसान इंटर कॉलेज साखोपार, बुद्ध इंटर काॅलेज कुशीनगर और बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर शामिल हैं।