पकड़ियार बाजार। क्षेत्र के सिद्धपीठ बगही धाम में चल रही रामलीला में रविवार की शाम लक्ष्मण-मेघनाथ युद्ध का मंचन किया गया। रामलीला मंचन से पूरा गांव में भक्तिमय हो उठा है।
शाम होते ही मंदिर परिसर से लक्ष्मण रथ पर सवार होकर सेना सहित लंका पहुंचते हैं। वहां उनका सामना मेघनाथ से होता है। मंच पर दोनों के बीच हुआ युद्ध देख पंडाल में जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। रामलीला में बाल कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय ने इस दृश्य को जीवंत कर दिया। पीठाधीश्वर द्वारा उच्चारित चौपाइयों पर बाल कलाकारों का भावपूर्ण संवाद प्रदर्शन इतना सशक्त था कि दर्शक रामायण काल में पहुंच गए हों, ऐसा प्रतीत हो रहा था।
सूर्यास्त के बाद शंखनाद के साथ युद्ध विराम की घोषणा की गई। अंत में पीठाधीश्वर ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि धर्म, मर्यादा और आदर्श जीवन का संदेश देने का माध्यम है।