- जेल गए जालसाजों के मोबाइल से पुलिस के हाथ लगे स्थानीय लोगों के नंबरों की मदद से ट्रेस की जा रही भूमिका
- स्थानीय पुलिस के अलावा एसटीएफ टीम कर रही काम, जालसाजों के पास मौजूद बाइक व कार पर है बिहार का नंबर
कुशीनगर। नौकरी, पढ़ाई और नेटवर्क मार्केटिंग के जरिये मोटी कमाई का सपना दिखाकर नेपाल के युवक-युवतियों से ठगी करने वाले गिरोह के गुर्गों का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन जांच में सामने आया है। नेपाली नागरिकों को किराए पर मकान देने वाले मकान मालिकों को पुलिस नोटिस देकर पूछताछ करने की तैयारी में है। इधर, कसया और कुशीनगर में रहने वाले नेपाली नागरिकों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है। जेल भेजे गए जालसाजों के मोबाइल से 100 से अधिक नंबर पुलिस के हाथ लगे हैं, जो जालसाजों के लोकल कनेक्शन की ओर इशारा कर रहे हैं। इसकी मदद से स्थानीय पुलिस के अलावा एसटीएफ नेपाल के जालसाजों का भारतीय कनेक्शन खंगाले में जुटी है। सोमवार को एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर कुछ इनपुट भी मांगा है।
कुशीनगर नगर पालिका क्षेत्र के सपहा मार्ग पर विंस पायर वर्ल्ड कंपनी किराए के मकान में खुली थी। इसका मालिक दीपक था। कसया में किराए के मकान में 453 नेपाली युवक व युवतियों को रखकर फैशन डिजाइन, नेटवर्क मार्केटिंग का प्रशिक्षण देकर मोटी कमाई का लालच दे रहे थे। इसके एवज में 70 हजार से एक लाख तक रुपये लिए थे। इन युवक, युवतियों को घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहे थे और परेशान करते थे। नेपाली राजदूत तक शिकायत पहुंचने के बाद फंसे इन युवक, युवतियों को रेस्क्यू कर नेपाल सरकार के हवाले किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना दीपक और इसकी पत्नी दोनों मिलकर इस खेल में मुख्य भूमिका निभा रही थी। नेपाली नागरिकों को किराए पर मकान देने वाले मकान मालिकों को पुलिस नोटिस देकर पूछताछ करेगी। इसके अलावा, कुशीनगर और कसया में रहने वाले नेपाली नागरिकों का सत्यापन शुरू कर दिया है। जालसाजों ने जिस मकान में कंपनी खोला था, उसे पुलिस ने सीज कर दिया है। एसटीएफ की मौजूदगी में कंपनी के अंदर कानूनी प्रक्रिया पूरा करने के बाद पुलिस जांच कर साक्ष्य जुटाएगी।
आरोपियों के मोबाइल से मिले नंबरों के आधार पर संपर्क में रहने वालों की सूची पुलिस बना रही है। जल्द ही इन लोगों से पूछताछ कर जानकारी हासिल करेगी। जांच में जरूरत पड़ने पर पुलिस नेपाल पुलिस व प्रशासन की मदद ले सकती है। एक बिहार नंबर की कार थी, जिसकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। छापेमारी से कुछ देर पहले वह कार गायब हो गई।
मकान मालिकों को पूछताछ के लिए नोटिस दिया जाएगा। कस्बे में रहने वाले नेपाली नागरिकों के सत्यापन के लिए आदेश दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्थान होने के कारण गहनता से यहां पर रहने वाले बाहरी लोगों की जांच कराई जा रही है। बिना किरायनामा का किसी को किराए पर मकान नहीं देने के लिए मालिकों को निर्देश दिया गया है। लोकल कनेक्शन खंगाला जा रहा है। कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इस पर पुलिस काम कर रही है। - कुंदन सिंह, सीओ, कसया