देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र के निवासी हैं दोनों मजदूर
लड़की को भगाने की बात को लेकर चल रहा था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
रहसू बाजार/जौरा बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के रहसू जनूबीपट्टी गांव के पुरैना टोला स्थित ईट-भट्ठे पर एक मजदूर को कुदाल से काटकर हत्या किए जाने की बात जैसी ही गांव में पहुंची, लोग ईंट-भट्ठे की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। एक व्यक्ति का खून से लथपथ पड़ा शव और उसके बेटे को खून से सने हाल में गंभीर हालत में देख अफरा-तफरी मच गई। रात में ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। उसके बाद तत्काल घायल युवक को फाजिलनगर सीएचसी भेजा गया।
ग्रामीणों की मानी जाए तो देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र के पचौआ गांव के रहने वाले दोनों मजदूरों में पहले भी विवाद हुआ था। शाम को भी दोनों मजदूरों के बीच झगड़ा होने की बात कही जा रही है, लेकिन उस समय ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कर दिया, लेकिन रात में करीब सवा आठ बजे दोनों फिर झगड़ गए।
ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले इन मजदूरों में हमला करने वाले रामबिहारी के बारे में कहा जा रहा है कि वह अपनी बेटी को भगाने का आरोप लगाकर रामदुलारे से झगड़ा किया था। उसका आरोप था कि रामदुलारे के बेटे बाबूराम ने ही उसकी लड़की को भगाया था। रात में बाप-बेटे को अकेला पाकर उसने कुदाल से प्रहार कर दिया। इस हमले में रामदुलारे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके बेटे की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
यह घटना जैसे ही मृतक के परिजनों को मिली, वे रोते-चिल्लाते घटनास्थल पर पहुंचे और शव से लिपटकर विलाप करने लगे। खून से लथपथ युवक को फाजिलनगर सीएचसी भेजा गया। घटनास्थल खून से सन गया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मौके पर पुलिस और ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई थी।