- पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया
- जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला जाएगा कपड़ा और मिट्टी
- साथ में काम करने वाले मजदूरों से पुलिस ने पूरे दिन की पूछताछ
संवाद न्यूूज एजेंसी
पडरौना। मजदूर को शरीर पर तेजाब फेंककर मारा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। पुलिस मजदूर का कपड़ा और घटनास्थल की मिट्टी को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला गोरखपुर भेजेगी। रविवार को गांव के तीन लोगों से पुलिस ने पूछताछ की।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के तरया सुंदर गांव निवासी 45 वर्षीय जीता प्रसाद शुक्रवार को गन्ने के खेत में काम करने गए थे। देर शाम तक नहीं लौटे तो घरवालों ने तलाश शुरू की। देर रात गन्ने के खेत में उनकी लाश मिली। शरीर पर फफोले पड़े थे। घरवाले हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घरवालों की बातों झुठलाते हुए बीमारी से मौत होने का दावा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो मजदूर के शरीर पर तेजाब फेंकने के कारण फफोले पड़े थे और इससे मौत हुई थी। बैकफुट पर आई तरयासुजान पुलिस ने देर रात मजदूर की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। मजदूर के साथ काम करने वाले तीन अन्य मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मालूम हुआ कि जिस दिन मजदूर की खेत में मौत हुई। उस दिन साथ में तीनों मजदूर नहीं गए थे।
इस संबंध में एसएसआई श्यामलाल निषाद ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। साथ में काम करने वाले मजदूरों से पूछताछ की जा रही है। घटना स्थल की मिट्टी और कपड़े को विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा।