शिविर में श्रमिकों का पंजीकरण कर दी गई योजनाओं की जानकारी
पडरौना(कुशीनगर )। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं श्रम विभाग कुशीनगर की तरफ से सोमवार को दीवानी न्यायालय परिसर के एडीआर भवन में जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। इसमें श्रमिकों का पंजीयन कर उन्हें सरकारी योजना की जानकारी दी गई। विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शबीना खान ने कहा कि श्रमिकों के लिए सरकार की तरफ से कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने विभाग की तरफ से संचालित योजनाओं के बारे में श्रमिकों को विस्तार से जानकारी देते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों को पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुकेश श्रीवास्तव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, श्रम विभाग के कर्मचारी और श्रमिक मौजूद रहे।