- दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग के पीटीओ, यातायात निरीक्षक, उपनिरीक्षक यातायात ने की थी जांच
पडरौना। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित बगही कुटी के पास हुए सड़क हादसे में सिद्धार्थनगर निवासी चार लोगों की जान चली गई। घटना के बाद पहुंची परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार की देर शाम घटना स्थल पर जांच करने पहुंची तो उनकी प्राथमिक जांच में ट्रैक्टर चालक की गलती मिली। घटना के समय कार की गति करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी। हालांकि, परिवहन विभाग की तरफ से इसकी विस्तृत जांच कराने की बात कही जा रही है। इसके लिए उच्चाधिकारियों से दिशा-निर्देश मांगा गया है।
बाबाधाम से जलाभिषेक कर लौट रहे सिद्धार्थनगर के कावड़ियों की कार रविवार को पटहेरवा थाना क्षेत्र के बगही के पास मिट्टी लदे एक ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से टकरा गई। इसमें पीछे की सीट पर बैठे चार कावड़ियों की मौत हो गई। इसकी जांच करने रविवार की देर शाम पहुंचे परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त जांच टीम की प्राथमिक जांच में हाईवे पर तेज रफ्तार से जा रहे ट्रैक्टर चालक की लापरवाही मिली है। हालांकि, घटना के समय कार की गति भी 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंका जा रहा है। जबकि कार चालक भी शनिवार की रात करीब 10 बजे से घटना के समय तक लगातार कार चलाने की बात कही जा रही है।
एआरटीओ मोहम्मद अजीम ने कहा कि हादसे के बाद परिवहन विभाग के पीटीओ बलवंत सिंह व यातायात निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह की संयुक्त टीम घटना स्थल और दुर्घटना ग्रस्त वाहनों की जांच कराई गई है। टीम की तरफ से हुई प्राथमिक जांच में ट्रैक्टर चालक की गलतियां अधिक मिली है। कार के मिली नंबर प्लेट की जांच में कार की फिटनेस सही मिला है, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली का नंबर अभी तक ट्रेस नहीं किया जा सका है। इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। चूंकि जिले में तैनात आरआई का गैर जनपद में स्थानांतरण हो गया है। इसके लिए दोनों वाहनों के फिटनेस की जांच विस्तार से नहीं हो पाई है। इन वाहनों की फिटनेस की विस्तृत जांच के लिए उच्चाधिकारियों से निर्देश मांगा गया है। उनकी तरफ से जैसा निर्देश मिलेगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।