सेवरही स्थित पौराणिक स्थल शिवाघाट पर नदी पूजन और भव्य आरती के साथ होगा शुभारंभ
तमकुहीरोड। कुशीनगर महोत्सव 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 15 नवंबर को सेवरही स्थित पौराणिक स्थल शिवाघाट पर नदी पूजन और भव्य आरती के साथ होगा। आठ दिवसीय महोत्सव का समापन 22 नवंबर को तमकुहीराज के रामलीला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा।
आयोजन समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 16 से 21 नवंबर तक ग्रामीण क्रिकेट लीग के मैच आयोजित किए जाएंगे। 17 नवंबर को पड़रौना स्थित बुढ़िया माई मंदिर में आरती और भजन संध्या होगी। वहीं, 18 नवंबर को अहिरौलीदान में गंडक नदी के तट पर नदी पूजन और आरती का आयोजन किया जाएगा।
19 नवंबर को पड़रौना के चित्रगुप्त मंदिर में आरती और भजन संध्या होगी। 21 नवंबर को मैराथन दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 21 और 22 नवंबर को तमकुहीराज के रामलीला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय कुमार राय ने बताया कि महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।