तमकुहीराज। सीमावर्ती बिहार के सुकसेनवा में अब्दुल अजीज खान स्मारक रात्रिकालीन कैनवास बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज बुधवार को हुआ।
उद्घाटन मैच के पहले मुकाबले में कसया ने तमकुहीरोड तथा दूसरे मुकाबले में सुकसेनवा ने थावे की टीम को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। कसया के अमित और सुकसेनवा के शाहबाज को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
बुधवार की रात प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहले मुकाबले में कसया के कप्तान ने टॉस जीतकर तमकुहीरोड की टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
कसया के गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी की बदौलत तमकुहीरोड की टीम निर्धारित ओवरों में 46 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कसया टीम के बल्लेबाजों के गैर जिम्मेदाराना शॉट चयन करने से टीम पर हार का खतरा मंडराने लगा। जैकी की जुझारू पारी के दम पर अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर कसया की टीम जीत दर्ज करने में सफल रही।
कसया के अमित को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। वहीं दूसरे मुकाबले में थावे के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। थावे की टीम ने सुकसेनवा को 62 रनों का लक्ष्य दिया।
इसमें बल्लेबाज अख्तर ने 13 और राहुल ने 10 रनों का योगदान दिया। बावजूद इसके लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुकसेनवा की टीम ने एक विकेट से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
सुकसेनवा के शाहबाज को हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि परवेज आलम और विशिष्ट अतिथि डॉ. नेसार खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। इस दौरान राजकमल, सरताज आलम, ठाकुर जायसवाल सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।