बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, फिर भी लोग हैं बेपरवाह
अस्पताल हो या बाजार हर जगह है यही हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पिछले 15 दिनों से कोरोना का संक्रमण जिले में बढ़ रहा है। रोज संक्रमित मिल रहे हैं। शासन और जिला प्रशासन द्वारा लोगों को कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करने की नसीहत दी जा रही है। पर, लोग हैं कि मान ही नहीं रहे। अस्पताल हो या बाजार हर जगह लोग लापरवाही बरती जा रही है। इतनी लापरवाही के बाद भी प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी, एक्सरे कक्षा समेत अन्य स्थानों पर मरीजों और तीमारदारों की खासी भीड़ देखी गई। चिकित्सक कक्ष में भी मरीज और उनके तीमारदारों की तरफ से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होता मिला। एक्सरे कक्ष के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ रही है। अस्पताल के अन्य कमरों और परिसर में लोग बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के देखे गए।
यही हालत बाजार की है। पडरौना नगर के बेलवा चुंगी चौराहे पर प्रतिदिन सुबह सात से 10 बजे तक सब्जी की थोक मंडी लगती है। यहां आस-पास गांवों के किसान सब्जी बेचने आते हैं। शहर के अलावा आस-पास के फुटकर सब्जी व्यवसायियों की सब्जियों की खरीदारी करते हैं। सोमवार की सुबह यहां लोगों की भीड़ देखी गई। सब्जी खरीदारी करने के दौरान न तो सोशल डिस्टेंस का ख्याल रखा गया और न ही मास्क का प्रयोग। इसी तरह नगर के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले लोग भी बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखे ही अपने कार्यों में लीन दिखे।
---
डीएम के निर्देशों का भी असर नहीं
दो दिन पहले ही डीएम एस राजलिंगम ने कोविड को लेकर की गई ऑनलाइन बैठक में कई निर्देश जारी किए थे। लेकिन कोविड गाइड लाइन के मामलों में सख्ती नहीं बरते जाने के चलते लोग इसके पालन को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
कोविड प्रोटोकाल का करें पालन : सीएमओ
सीएमओ डॉ. नरेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने जनपद के समस्त लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसे कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करें। आम लोगों से अपील है कि वे मास्क जरूर पहनें, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें और हाथों की सफाई साबुन से नियमित रूप से करते रहें। अपने नजदीकी सीएचसी/पीएचसी पर कोविड की जांच कराएं। इसके अलावा 45 वर्ष से ऊपर के सभी लोग अस्पताल पहुंचकर अपना टीकाकरण कराएं।